CG..5 दिन में 3 लोगों पर हमला, तेंदुए की दस्तक से दहला गट्टागुडूम गांव,घर में सो रही महिला को 20 मीटर तक घसीटा, उधर एक ग्रामीण को…!!


धमतरी/दुधावा,18 जून 2026। वन चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टागुडूम में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। तेंदुए ने अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक़, ग्राम गट्टागुडूम निवासी बुधन भाई उईके (65 वर्ष) अपने घर में मौजूद थीं, तभी तेंदुआ अचानक घर में घुस आया और उनके सिर पर पंजे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं दूसरी घटना में धनेश कुंजाम (57 वर्ष) रात्रि विश्राम कर रहे थे, तभी तेंदुआ उनके घर में घुस गया और उनके हाथ पर पंजा मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव एवं जंगल से लगे क्षेत्रों में तेंदुए की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। आसपास के गांवों में भी तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं और अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन रक्षक मुन्ना शोरी सहित वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, बच्चों पर विशेष नजर रखने तथा जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी है। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने अथवा आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी और अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस संबंध में सरपंच जागेश्वर नेताम सहित तुलसी राम यादव, नंदलाल सलाम, रमेश उईके एवं कैलाश कुंजाम ने वन विभाग से गांव में तत्काल पिंजरा लगाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो तेंदुए का आतंक किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है। इसलिए वन विभाग से शीघ्र और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
Live Cricket Info







