त्योहारों से पहले कांकेर में मिठाई दुकानों पर बड़ी कार्रवाई, 24 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए मिलावट रोकने खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सात क्षेत्रों में की जांच, तीन दुकानों पर दर्ज हुआ प्रकरण


कांकेर 25 अगस्त 2026:— आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, होटल, किराना और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
टीम ने नरहरपुर, चारामा, कांकेर, पखांजूर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल में जांच की। इस दौरान मिठाई, पनीर, दूध, दही, नमकीन और घी समेत 24 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के जिला अभिहित अधिकारी सुस्मित देवांगन ने बताया कि दुकानदारों को साफ-सफाई रखने, अखाद्य रंग का इस्तेमाल नहीं करने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने और खाद्य सामग्री को अखबारी कागज में नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच के दौरान बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने के मामले में तीन प्रतिष्ठानों पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई खाद्य सामग्री अमानक पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि खुले और अमानक खाद्य पदार्थों से बचें। ज्यादा रंग वाली मिठाइयां खरीदने से बचें और पैकेट वाली खाद्य सामग्री लेते समय लेबल, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांच लें।
Live Cricket Info







