गुड लाइफ पब्लिक स्कूल के छात्र पुष्कर का एकलव्य विद्यालय में चयन, स्कूल में खुशी का माहौल


कांकेर 14 जुलाई 2026:— कांकेर जिले के ग्राम रामपुर स्थित गुड लाइफ पब्लिक स्कूल के होनहार छात्र पुष्कर का चयन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में हुआ है। छात्र की इस सफलता से स्कूल, शिक्षकों और परिजनों में खुशी का माहौल है।
पुष्कर स्कूल की कक्षा पांचवीं का छात्र था। वह शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और प्रतिभाशाली रहा है। हाल ही में आयोजित बोर्ड परीक्षा में उसने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अब एकलव्य विद्यालय में चयन होने से उसने अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रधानाध्यापक टोमेंद्र कुमार साहू सहित सभी शिक्षकों ने पुष्कर का स्वागत कर उसे बधाई दी। शिक्षकों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मेहनत, लगन और नियमित पढ़ाई से हर छात्र अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
Live Cricket Info







