250 CCTV फुटेज और 2000 मोबाइल नंबर खंगालकर चारामा पुलिस ने सुलझाई नगर में हुए चोरी की गुत्थी
तीन चोरी के मामलों का खुलासा, 4 आरोपी व एक विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार, ₹84 हजार का मशरूका बरामद


चारामा,कांकेर 5 जुलाई। कांकेर जिले के नगर चारामा में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चारामा पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों में चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 84 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान तथा 11,200 रुपये नकद बरामद किया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने लगभग 250 सीसीटीवी फुटेज और 2000 से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 30 जून की रात अज्ञात चोरों ने नगर के दुकानों एवं सूने मकानों का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, कांसे के गिलास, चांदी की मूर्तियां सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। शिकायत मिलने के बाद थाना चारामा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर निगरानी बदमाश सूरज देवागन उर्फ टोटो और संजू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने प्रमोद गंगाधर, प्रीतम सिंह तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की रकम आपस में बांटने और कुछ रकम खर्च कर देने की भी जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गैस सिलेंडर, एक ड्रिल मशीन, एक हेमर मशीन, दो लोहे के रॉड, दो कांसे के गिलास, दो चांदी की मूर्तियां, दो मोबाइल फोन, बिना नंबर की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा 11,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सूरज देवागन उर्फ टोटो थाना चारामा का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध चोरी सहित कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है।
इस कार्रवाई में थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम के निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, निरीक्षक यशवंत श्याम, उप निरीक्षक रूपेंद्र पटेल, उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत कुमार, सहायक उप निरीक्षक दुष्यंत दीवान, सहायक उप निरीक्षक भकेश पटेल, प्रधान आरक्षक सचिन सोरी तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Live Cricket Info







