अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली पर कलेक्टर का एक्शन, तीन दिन में सड़क सुधारने के निर्देश


कांकेर 26 अगस्त 2026:— अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। स्थिति को देखते हुए बस संचालकों ने भी इस मार्ग पर बस चलाने से इनकार कर दिया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कांकेर के नवनियुक्त कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क की खराब स्थिति देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को तीन दिन के अंदर सड़क को चलने लायक बनाने के निर्देश दिए।
अंतागढ़ से नारायणपुर तक स्टेट हाईवे-5 का निर्माण चल रहा है। इस दौरान माइंस से जुड़े भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क को नुकसान पहुंच रहा था। कई जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन फंस रहे थे और वाहन मालिकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा था।
कलेक्टर ने आम लोगों की परेशानी को देखते हुए तीन दिनों के लिए माइंस के भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। बारिश के कारण सड़क निर्माण में देरी हो रही है, लेकिन फिलहाल सड़क को चलने योग्य बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन के भीतर सड़क सुधारने का लक्ष्य रखा गया है।
Live Cricket Info





