Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG —शिक्षा का महापर्व,हाराडुला में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव धूमधाम से संपन्न, नवप्रवेशी बच्चों का भव्य स्वागत, मेधावियों का हुआ सम्मान

चारामा 13 जुलाई 2026:— विकासखंड चारामा अंतर्गत ग्राम हाराडुला में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिक्षा के इस महापर्व में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों, शिक्षकों, पालकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों के करकमलों से नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें शासन की योजना के तहत निःशुल्क गणवेश यूनिफॉर्म, कॉपियां और पुस्तकों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण नरेटी अध्यक्ष, जिला पंचायत कांकेर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जागेश्वरी भास्कर अध्यक्ष, जनपद पंचायत चारामा, तेजेश्वरी सिन्हा जिला पंचायत सदस्य, ठाकुर राम कश्यप जनपद उपाध्यक्ष, अमिता बंजारे जनपद सदस्य, राधिका रावटे, सुशीला मकाम सरपंच, हाराडुला, मैना ध्रुव सरपंच, किलेपार, ओमप्रकाश साहू मंडल अध्यक्ष, चारामा, हेम मंडावी, दीपांकर सिन्हा महामंत्री, चंद्रशेखर बघेल, मनोज जैन जिला मीडिया प्रभारी, काशी निवेंद्र, महेंद्र सिंह गावड़े, रघुनंदन साहू, परमानंद साहू सहित ग्राम के जनप्रतिनिधि, गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त प्रकाश सेन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. साहू, बीआरसीसी के.के. गंजीर, एबीओ उमेश कुमार यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, संकुल समन्वयक, प्राचार्य एवं शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

अपने स्वागत उद्बोधन में विद्यालय परिवार ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. साहू ने विकासखंड की शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विगत सत्र में नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में 15 विद्यार्थियों, प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा में 7 विद्यार्थियों, एनएमएमएस परीक्षा में 13 विद्यार्थियों तथा एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा में 34 विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित कर विकासखंड का नाम रोशन किया।

उन्होंने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया जा रहा है। वहीं साइकिल वितरण योजना के तहत इस वर्ष 700 साइकिल वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रथम चरण में लगभग 400 छात्राओं को साइकिल प्रदान की जा चुकी है। इसी कड़ी में कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं की 21 नवप्रवेशी बालिकाओं को अतिथियों द्वारा साइकिल वितरित की गई।

समारोह में विकासखंड के विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल परीक्षार्थियों सहित छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मुख्य परीक्षा में पूरे प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को भी विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन का मूल आधार है। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया तथा पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान हाराडुला, किलेपार एवं अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की अतिथियों ने सराहना की।

शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। इसके साथ ही शासन की मंशानुरूप सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, पालक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.