CG — कांकेर पुलिस अधीक्षक ने ली समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा पर दिया जोर


कांकेर, 17 जून 2026:—कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने गंभीर और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित गुमशुदगी, मर्ग और शिकायतों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मोर मितान-कांकेर पुलिस अभियान की समीक्षा करते हुए आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला रक्षा टीम की सक्रियता बढ़ाने और महिलाओं व बालिकाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर जागरूकता अभियान चलाने तथा साइबर शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Live Cricket Info







