CG — खनन पर रोक के बावजूद नहीं थम रहा रेत का अवैध कारोबार, छोटी नदियों को तस्कर बना रहे है निशाना,, आधी रात को रेत खनन का वीडियो आया सामने


कांकेर/चारामा 14 जून 2026:— कांकेर जिले में रेत के अवैध खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। विभागीय स्तर पर खनन प्रक्रिया बंद होने के बावजूद रेत तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब तस्करों ने महानदियों में मिलने वाली छोटी-छोटी नदियों और नालों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चारामा विकासखंड के ग्राम ऊंकारी में देर रात चैन माउंटेन मशीन की मदद से रेत का अवैध खनन किए जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में नदी के भीतर मशीन से रेत निकालने की गतिविधि दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में लगातार इस तरह का खनन किया जा रहा है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी नदियों में खनन पर निगरानी बढ़ने के बाद अब रेत माफिया ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी नदियों और जल स्रोतों की ओर रुख कर रहे हैं। भारी मशीनों के उपयोग से नदी की धारा और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में खुलेआम मशीनों से खनन होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
यदि समय रहते अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में छोटी नदियों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन तस्करों के ऊपर कब कार्यवाही करता है।
Live Cricket Info







