CG — विश्व रक्तदाता दिवस पर चारामा में रक्तदान,, 40 यूनिट रक्त संग्रह, मरीजों को फल वितरित कर दिया सेवा का संदेश


कांकेर/चारामा 14 जून 2026:— विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जय हिंद रक्तदान सेवा समिति चारामा द्वारा एक दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कोरर चौक स्थित सांस्कृतिक भवन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
शिविर के दौरान कुल 40 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान करने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समिति के सदस्यों ने रक्तदाताओं का स्वागत कर उन्हें रक्तदान के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।साथ ही उनको प्रशस्ति पत्र दिया गया।
रक्तदान शिविर के समापन के बाद समिति के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना की।
समिति के संस्थापक टीकम ताराम ने सभी नागरिकों को विश्व रक्तदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भी कई लोग रक्तदान करने से डरते हैं। कुछ लोग यह सोचते हैं कि जरूरत पड़ने पर वे सीधे मरीज को रक्त दे देंगे, लेकिन कई बार अचानक स्वास्थ्य खराब होने या अन्य कारणों से वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से आयोजित रक्तदान शिविरों में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन और अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों को सबसे पहले रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
टीकम ताराम ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” समिति ने लोगों से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।इस दौरान जयहिंद रक्तदान सेवा समिति संस्थापक टीकम तारम, हेम साहू, चित्रेश नायक, धीरेन्द्र मिश्रा, आशीष उइके, राजू सोनी, सजल सिन्हा उपस्थित रहे।
Live Cricket Info







