नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पखांजूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी को उत्तर प्रदेश के महोबा से किया गिरफ्तार, बालिका को सुरक्षित खोजकर पुलिस ने परिजनों तक पहुंचाया


कांकेर 17 अगस्त 2026:— पखांजूर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात नाबालिग बालिका घर से बाहर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद 1 अप्रैल को परिजनों ने पखांजूर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मोबाइल और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर बालिका और आरोपी की लगातार तलाश की। जांच के दौरान दोनों के उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में होने की जानकारी मिली।
जानकारी मिलते ही पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची। वहां से पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी मिन्टू मंडल उम्र 21 वर्ष, निवासी पीव्ही-41 पुरुषोत्तमनगर, पखांजूर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, एएसआई समोद शर्मा, पीएसआई अमीना, प्रधान आरक्षक भूवन देहारी, महिला आरक्षक ममता मांडवी, आरक्षक शैलेन्द्र साहू सहित पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने अपील की है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक सतर्क रहें। किसी बच्चे के अचानक लापता होने या किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Live Cricket Info







