जिला में वन्यजीवों का आतंक, कहीं मादा भालू ने रोका रास्ता तो कहीं बाघ ने ग्रामीण को बनाया शिकार,


कांकेर/पखांजूर 16 अगस्त 2026:— कांकेर जिले और सीमावर्ती महाराष्ट्र क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल है। कांकेर के कोकपुर गांव में दो शावकों के कुएं में गिरने के बाद मादा भालू सड़क पर आ गई और काफी देर तक रास्ते में आतंक मचाती रही। वहीं पखांजूर क्षेत्र से लगे महाराष्ट्र के दोड़ेंदा गांव में एक ग्रामीण को बाघ द्वारा हमला कर मारने की घटना सामने आई है।
कोकपुर में शावकों के कुएं में गिरने से मादा भालू का आतंक :— कांकेर के कोकपुर गांव में दो भालू के शावक कुएं में गिर गए। शावकों को बचाने के लिए मादा भालू कुएं के आसपास पहुंच गई और सड़क पर घूमती रही। मादा भालू की मौजूदगी के कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शावकों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
दोड़ेंदा में ग्रामीण को बाघ ने बनाया शिकार :— इधर, पखांजूर क्षेत्र से लगे सीमावर्ती महाराष्ट्र के दोड़ेंदा गांव में एक व्यक्ति सड़क किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान जंगल की ओर से आए बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर निगरानी की जा रही है।
दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे अकेले खेत-खलिहान या जंगल की ओर न जाएं और वन क्षेत्र में जाने से बचें। साथ ही किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
Live Cricket Info







