RTO कर्मचारियों की कथित बदसलूकी और अवैध वसूली के विरोध में फूटा ट्रक चालकों का गुस्सा, NH-30 पर घंटों चक्काजाम, दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें,, घंटों बाद खुला जाम


कांकेर/बालोद 23 अगस्त 2026:— RTO कर्मचारी की कथित बदसलूकी से नाराज ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। चालकों ने नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। RTO कर्मचारियों पर अवैध वसूली और वाहन चालकों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चालकों को समझाने का प्रयास किया।
मामला बालोद जिले के सीमावर्ती ग्राम मुजालगोंदी स्थित NH-30 का है। बताया जा रहा है कि सुबह RTO कर्मचारियों ने वाहनों की जांच के दौरान कुछ ट्रक चालकों से कथित तौर पर पैसे की मांग की। चालकों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी की गई और वाहन के दस्तावेज भी अपने पास रख लिए गए।
इससे नाराज चालकों ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए और विरोध शुरू कर दिया। तेज बारिश के बावजूद चालक हाईवे पर डटे रहे। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
चालकों का कहना है कि वे लगातार जांच और कथित अवैध वसूली से परेशान हैं। उनका आरोप है कि कमाई का एक बड़ा हिस्सा रास्ते में ही चला जाता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालकों से बातचीत कर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन चालक RTO कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने दस्तावेज वापस मिलने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में अधिकारियों की समझाइश और दस्तावेज वापस किए जाने के बाद चालकों ने चक्काजाम समाप्त किया। हालांकि, लंबे समय तक लगे जाम के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
Live Cricket Info







