कांकेर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मंत्री टंकराम वर्मा ने फहराया तिरंगा


कांकेर 15 अगस्त 2026:— जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय कांकेर के नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने सुबह 9 बजे तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एसपी निखिल राखेचा भी मौजूद रहे।
तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद मंत्री वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। समारोह में पुलिस जवानों ने हर्ष फायर किया और आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।
12 टोलियों ने किया आकर्षक मार्चपास्ट
परेड कमांडर गोविंद वर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस बल के पुरुष एवं महिला जवानों, नगर सेना, बस्तर फाइटर्स महिला, वन विभाग के जवानों के साथ स्कूल-कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड और रेडक्रॉस के कैडेट्स सहित कुल 12 टोलियों ने कदम से कदम मिलाकर मार्चपास्ट किया। मुख्य अतिथि ने सभी दलों के कमांडरों से परिचय भी लिया।
समारोह में जिले के अलग-अलग मोर्चों पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले 107 शहीद जवानों के परिजनों का शॉल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
एक हजार विद्यार्थियों ने दी सामूहिक पीटी
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के 22 स्कूलों के करीब 1000 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट ने पहला स्थान, सुभाषचंद्र बोस कन्या आश्रम बेवरती ने दूसरा और पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मार्चपास्ट में भी विजेताओं का हुआ सम्मान
गैर शालेय वर्ग के मार्चपास्ट में शासकीय भानुप्रतापदेव महाविद्यालय कांकेर एनसीसी ने पहला, बस्तर फाइटर्स महिला ने दूसरा और नगर सेना बल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। शालेय वर्ग में शहीद रामकुमार यादव कन्या विद्यालय के स्काउट गाइड ने पहला स्थान हासिल किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 104 शासकीय सेवकों सहित नागरिकों, समाजसेवियों और मीडिया प्रतिनिधियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला कार्यालय और कलेक्टर निवास में भी फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला कार्यालय और जिलाधीश निवास में भी राष्ट्रध्वज फहराया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य समारोह में हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार टामक, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



Live Cricket Info







