CG— स्कूल में सड़क सुरक्षा की क्लास, कांकेर पुलिस ने छात्रों को बताए ट्रैफिक नियम और राहवीर योजना की जानकारी


अंतागढ़, 3 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने सोमवार को आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अंतागढ़ में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और राहवीर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी दीपक साव और यातायात पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए हर व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार से बचने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। इसके साथ ही ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों का पालन, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से जुड़े कानूनी नियमों की भी जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं को समझाने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रेरणादायक वीडियो भी दिखाए गए। वीडियो के जरिए यह बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है और नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साथ ही डायल-112 की आपातकालीन सेवा और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस एवं एम्बुलेंस को सूचना देने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की मदद कर मानव जीवन बचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
Live Cricket Info







