CG — भालू का खूनी तांडव,मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल। गांव में दहशत, ग्रामीणों में आक्रोश, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग,,


कांकेर 5 अगस्त 2026:— जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने जंगल के पास भालू की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी थी। लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया था। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास जंगल में एक मृत भालू पड़ा था, जिसके पास एक मादा भालू मौजूद थी।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि मादा भालू के शावक की मौत होने के कारण वह आक्रामक हो गई है। हालांकि, इस संबंध में वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कांकेर के डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि भालू के हमले में अब तक दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल को इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और भालू को रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही है। डीएफओ ने यह भी स्पष्ट किया कि मादा भालू के शावक की मौत या उसके संबंध में फिलहाल विभाग के पास कोई पुष्टि या जानकारी नहीं है।
घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Live Cricket Info







