CG — एक ही परिवार के चार सदस्यों ने लिया मृत्युपरांत देहदान का संकल्प, समाज के लिए बने प्रेरणा


कांकेर 5 अगस्त 2026 :— मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ग्राम जैसाकर्रा निवासी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कांकेर के जिला उपाध्यक्ष एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिलेझर के व्याख्याता विजय कुमार राय ने अपने पूरे परिवार के साथ मृत्युपरांत देहदान करने का संकल्प लिया है।
विजय कुमार राय के साथ उनकी पत्नी भगवती राय, पुत्र सत्यजीत राय और नवीन राय ने भी स्वेच्छा से देहदान का घोषणा-पत्र भरकर यह निर्णय लिया। सभी ने स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, उत्तर बस्तर कांकेर के शरीर रचना विज्ञान (एनाटॉमी) विभाग में विधिवत पंजीयन कराया।
देहदान से प्राप्त शरीरों का उपयोग मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन, प्रशिक्षण और शोध कार्यों में किया जाएगा। इससे भावी डॉक्टरों को मानव शरीर की संरचना को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिलेगी और चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग की डॉ. रंजना गुप्ता, डॉ. सोम एवं बीएमओ चारामा डॉ. ओ.पी. शंखवार ने परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से समाज में देहदान और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
परिवार के इस सराहनीय निर्णय पर जिला रेड क्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. राजभारती, राज्य रेड क्रॉस सदस्य अनुपम ज़ोफर, जिला रेड क्रॉस अधिकारी पवन सेन, समाजसेवी प्रदीप सेन, युवा शक्ति समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष उत्तम साहू सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा एक साथ देहदान का संकल्प लेने को समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय पहल बताया।
Live Cricket Info







