Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

— नगर पंचायत चारामा वार्ड 13 उपचुनाव संपन्न,,92 प्रतिशत मतदान, भाजपा-कांग्रेस दोनों ने किया जीत का दावा,

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

चारामा/कांकेर, 1 जून 2026। नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 13 में सोमवार को उपचुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मतदान को लेकर वार्डवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने लगे और शाम 5 बजे तक बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड में लगभग 92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम 5 बजे तक 257 महिला और 233 पुरुष मतदाताओं सहित कुल 490 लोगों ने मतदान किया। मतदान केंद्र में पूरे दिन मतदाताओं की आवाजाही बनी रही और लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा की ओर से अनूप सोनकर मैदान में हैं, जो पेशे से व्यापारी हैं और क्षेत्र में अपने सरल एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। वहीं कांग्रेस ने मोहित नायक को उम्मीदवार बनाया है। मोहित नायक इससे पहले वार्ड के दो बार पार्षद रह चुके हैं और स्थानीय राजनीति का अच्छा अनुभव रखते हैं।

मतदान समाप्त होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में अपनी-अपनी जीत को लेकर उत्साह देखा गया। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने कहा कि वार्ड क्रमांक 13 में पहले भी भाजपा को जनता का समर्थन मिला है और इस बार भी भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता विकास और भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताएगी।

वहीं क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी भी मतदान के दौरान वार्ड में मौजूद रहीं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले चुनाव के बाद वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं। जनता सब कुछ देख रही है और इस बार कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिलेगी।

अब मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्डवासियों की नजरें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं। दोनों प्रमुख दल अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला मतपेटियों में बंद मतों के खुलने के बाद ही सामने आएगा।

फिलहाल पूरे वार्ड में एक ही चर्चा है— वार्ड क्रमांक 13 का ताज आखिर किसके सिर सजेगा? इसका जवाब अब चुनाव परिणाम आने के बाद ही मिलेगा।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.