दुर्घटना ब्रेकिंग — नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी, मवेशी को बचाने के चक्कर में दो ऑटो की भिड़ंत,दो लोग की हालत गंम्भीर
दुर्घटना ब्रेकिंग — नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी, मवेशी को बचाने के चक्कर में दो ऑटो की भिड़ंत,दो लोग की हालत गंम्भीर

कांकेर 11 अप्रैल 2026:— कांकेर जिले में नेशनल हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मवेशी को बचाने के प्रयास में दो ऑटो आपस में भिड़ गए, जिससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम लगभग 6:30 बजे के आसपास की है। दोनों ऑटो धमतरी से चारामा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो के सामने अचानक मवेशी आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ा, तभी बगल से गुजर रहा दूसरा ऑटो उससे टकरा गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ऑटो नेशनल हाईवे पर ही पलट गया, जबकि दूसरा ऑटो सड़क से लगभग 10 फीट नीचे खेत में जा गिरा। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों ऑटो में दो-दो लोग सवार थे और सभी धमतरी से आ रहे थे। नीचे गिरे ऑटो में चालक के साथ एक महिला भी सवार थी, जो गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और घायलों की मदद की। संजीवनी के माध्यम से दोनों घायलों को चारामा अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं दूसरे ऑटो में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना में मवेशी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह हादसा चारामा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 30 स्थित ग्राम माहुद में हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं और लोग आए दिन हादसों का शिकार होते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि यहां स्पीड कंट्रोल के लिए स्टॉपर लगाए जाएं, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण किया जा सके।वही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दिया है और दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को हटाया जा रहा है।
Live Cricket Info






