CG :— पहले फेसबुक पर दोस्ती, फिर शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर ऐंठा 10.98 लाख रुपए, आरोपी गिरफ्तार,


कांकेर 31 जुलाई 2026:— फेसबुक पर दोस्ती कर खुद को डॉक्टर बताया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख 98 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कांकेर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 18 जुलाई 2026 को थाना छोटेडोंगर जिला नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से उसकी आरोपी से पहचान हुई। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताया और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में 10.98 लाख रुपये ले लिए।
मामले की जांच के दौरान पखांजूर पुलिस और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश की। तकनीकी जानकारी के आधार पर उसे मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय रीतेश्वर भूमरकर, निवासी चंद्रशेखर वार्ड, कोठी बाजार, जिला बैतूल मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 31 जुलाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, ऑनलाइन ठगी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
Live Cricket Info







