CG — कार की टक्कर से हिरण की मौत, सीसीटीवी फुटेज का वीडियो वायरल, भोजन और पानी की तलाश में शहर पहुंच रहे वन्य जीव,,,


कांकेर 27 जुलाई 2026:— कांकेर शहर में कार की टक्कर से घायल हुए एक हिरण की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना एसपी बंगले के सामने की बताई जा रही है। हिरण भटकते हुए सड़क पर पहुंच गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार उससे टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को उपचार के लिए अपने साथ ले गई। काफी प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में हिरण के अचानक सड़क पर आने और कार से टकराने का दृश्य कैद हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इन दिनों भोजन और पानी की तलाश में वन्य जीव लगातार जंगल से निकलकर शहर और आसपास के रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन क्षेत्र और शहर से लगे इलाकों में वाहन सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से चलाएं। यदि कोई वन्य जीव दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसे सुरक्षित जंगल पहुंचाया जा सके।
Live Cricket Info







