कांकेर: “उजियारा अभियान” के तहत चारामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार


कांकेर 9 मई 2026:— जिले में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत चारामा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जामबहार में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 17.670 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत चारामा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम जामबहार निवासी चन्द्रहास सिन्हा अपने घर में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से अंग्रेजी और देशी शराब मिलाकर कुल 17.670 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार 730 रुपये बताई गई है।
जब्त शराब में 12 नग मडूसा बियर, 3 नग सीम्बा बियर और 44 नग रोमियो देशी प्लेन मदिरा शामिल है। पुलिस ने आरोपी चन्द्रहास सिन्हा (38 वर्ष) निवासी ग्राम जामबहार थाना चारामा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आबकारी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में करीब 10 मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उपनिरीक्षक रनेश सेठिया, साइबर सेल के सउनि भकेष पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Live Cricket Info







