Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG —रावघाट में वन कटाई और विकास के मुद्दे पर गरमाई सियासत स्थानीय लोगों के अधिकार और सुविधाओं को लेकर सौंपा गया ज्ञापन,,सीएसआर-डीएमएफ की राशि का लाभ प्रभावित गांवों को देने की मांग मलेरिया से हुई मौतों की जांच, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कांकेर, 30 जुलाई 2026। रावघाट क्षेत्र में कथित वन कटाई, स्थानीय लोगों को विकास का लाभ नहीं मिलने और जिले में बढ़ते मलेरिया प्रकोप को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि रावघाट खनन क्षेत्र तक सड़क निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की गई है। कांग्रेस का दावा है कि शिकायत मिलने के बाद गठित जांच समिति ने 7 जुलाई और 25 जुलाई 2026 को मौके का निरीक्षण किया, जिसमें बड़े पैमाने पर वन कटाई सामने आई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कटे हुए पेड़ों का सही रिकॉर्ड और संरक्षण नहीं किया गया तथा पर्यावरणीय नियमों का पालन किए बिना कार्य किया गया। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर बीएसपी प्रबंधन, वन विभाग के संबंधित अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि रावघाट केवल खनन का विषय नहीं है, बल्कि यहां रहने वाले मूल निवासियों और स्थानीय ग्रामीणों के अधिकारों का भी मामला है। उन्होंने कहा कि जब रावघाट परियोजना शुरू की गई थी, तब क्षेत्र के लोगों को रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं देने का वादा किया गया था। लेकिन आज भी कई गांव अपेक्षित विकास से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि खनन से मिलने वाली सीएसआर और डीएमएफ मद की राशि का लाभ सबसे पहले प्रभावित गांवों को मिलना चाहिए। यदि क्षेत्र के लोग अपनी जमीन और जंगल देकर भी विकास से वंचित रह जाएं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने वन कटाई के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

राजेश तिवारी ने जिले में बढ़ते मलेरिया प्रकोप पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मर्दापोटी आश्रम में बच्चों की मलेरिया से हुई मौत बेहद दुखद है। उनके अनुसार, जिले के कई हिस्सों में स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर दिखाई दे रही है और कई स्थानों पर मितानिनों के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा हर गांव तक समय पर स्वास्थ्य जांच, दवाइयां, डॉक्टर, मच्छरदानी और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

वहीं सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक एवं प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के नवनियुक्त उपाध्यक्ष विजय ठाकुर ने कहा कि रावघाट का मुद्दा केवल वन कटाई तक सीमित नहीं है। यह क्षेत्र के मूल निवासियों के अधिकार और विकास से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि रावघाट खदान बीएसपी को लंबे समय की लीज पर दी गई थी। उस समय स्थानीय लोगों से रोजगार, उचित मुआवजा और क्षेत्र के विकास का वादा किया गया था, लेकिन वर्षों बाद भी अपेक्षित सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से रावघाट से लौह अयस्क की ढुलाई शुरू हो चुकी है, लेकिन कांकेर जिले को सीएसआर और डीएमएफ मद का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। इससे प्रभावित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर असर पड़ा है। उनका कहना था कि कई गांवों में आज भी बच्चे बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं।

विजय ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सबसे पहले प्रभावित गांवों और स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। यदि 9 अगस्त तक रावघाट क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।

वही जिले में बढ़ते मलेरिया प्रकोप और मर्दापोटी आश्रम में बच्चों की मौत की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, स्वास्थ्य शिविर, मच्छरदानी वितरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, डॉक्टरों की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयां तथा मृतकों के परिजनों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

 

इस दौरान राजेश तिवारी राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी,,जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कांकेर बसंत यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी बीरेश ठाकुर, छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस विजय ठाकुर,, जनक नंदन कश्यप प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिला महामंत्री कांग्रेस कमेटी कांकेर, व जनपद उपाध्यक्ष चारामा व आदिवासी कांग्रेस के जिला प्रभारी ठाकुर राम कश्यप, सुभद्रा सलाम पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कांकेर, नवली मंडावी प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी, रूप सिंग पोटाई कांग्रेस कमेटी कांकेर, दुर्गेश ठाकुर ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अंतागढ़, बोम सिंग नाग किसान कांग्रेस कांकेर,पुरुषोत्तम सिन्हा जिला कांग्रेस कमेटी सचिव,उदय प्रकाश शर्मा जिला महामंत्री कांकेर,चंदेल वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.