CG — चारामा देसी शराब दुकान की लापरवाही से किसान परेशान,,खेत में पहुंच रहा शराब की बोतलों और कचरे का अंबार,,बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई,,फसल को नुकसान, मजदूरों में चोट का डर बढ़ा


चारामा 30 जुलाई 2026 :— चारामा स्थित देसी शराब दुकान से फैल रही गंदगी और कचरे से एक किसान की खेती प्रभावित हो रही है। किसान भूपेश सिन्हा का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद शराब दुकान संचालक ने समस्या का समाधान नहीं किया, जिससे उनकी फसल को नुकसान पहुंच रहा है।
किसान ने बताया कि बरसात के दौरान बारिश का पानी शराब दुकान के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक, शराब की खाली और टूटी बोतलों सहित अन्य अपशिष्ट को बहाकर सीधे उनके खेत तक ले आता है। इससे खेत में गंदगी फैल रही है और खेती करना मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, शराब दुकान में बैठकर शराब पीने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण कई लोग सड़क किनारे और खेतों के पास शराब पीते हैं तथा वहीं कचरा फेंक देते हैं। कचरे के स्थायी निस्तारण की भी कोई व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या लगातार बढ़ रही है।
किसान भूपेश सिन्हा ने बताया कि तेज बारिश और पानी के बहाव में टूटी हुई शराब की बोतलें उनके खेत तक पहुंच गई हैं। इससे खेत में काम करने वाले मजदूरों को चोट लगने का खतरा बना रहता है और कई लोग अब खेत में काम करने से भी कतराने लगे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शराब दुकान के कर्मचारियों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण वे भी खेत में गंदगी करते हैं। किसान का कहना है कि धान की बुवाई से पहले उन्होंने खेत की पूरी साफ-सफाई कराई थी, लेकिन अब फिर से स्थिति खराब हो गई है।
किसान ने यह भी बताया कि शराब दुकान के पास कराए गए बोरवेल को कई बार चालू छोड़ दिया जाता है, जिससे पानी लगातार बहकर उनके खेत में पहुंचता है। वहीं शराब पीने वाले लोग रास्ते में भी बोतलें तोड़ देते हैं, जिससे आसपास के किसानों और राहगीरों को भी परेशानी होती है।
किसान का कहना है कि उन्होंने कई बार शराब दुकान संचालक को इस समस्या की जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार परेशान होकर उन्होंने अपनी समस्या सोशल मीडिया पर साझा की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चारामा की इस देसी शराब दुकान को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
Live Cricket Info







