CG — जियो टावर बैटरी चोरी का बड़ा खुलासा,,कंपनी कर्मचारी की मिलीभगत से चल रहा था अंतरजिला गिरोह,,कांकेर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चोरी का सामान किया बरामद,,


कांकेर, 15 जुलाई 2026:— कांकेर पुलिस ने जियो मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में जियो कंपनी के एक कर्मचारी की संलिप्तता भी सामने आई है, जो गिरोह को टावरों की जानकारी देकर मदद करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कांकेर जिले के आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया, रावघाट और नारायणपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र में जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच कई जियो टावरों को निशाना बनाया। चोरी की गई बैटरियों को खोलकर अंदर का मेटल अलग किया जाता था और बैटरी बॉक्स व अन्य सामान कबाड़ियों को बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 49 जियो टावर बैटरियां, 311 खाली बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया भारी मात्रा में मेटल, चोरी में इस्तेमाल औजार और 41 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इससे पहले इसी गिरोह से रावघाट पुलिस 72 बैटरियां भी बरामद कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह और अंकित कुमार जैन शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल टावर या अन्य सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Live Cricket Info







