CG — नया शिक्षा सत्र शुरू, लेकिन जर्जर स्कूल भवन की समस्या बरकरार, झोपड़ी में पढ़ने को मजबूर बच्चे


कांकेर, 18 जून 2026:— नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के मडपा गांव में बच्चों को आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। यहां पिछले पांच वर्षों से स्कूल भवन जर्जर होने के कारण छात्र-छात्राएं अस्थायी झोपड़ी में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत तालाबेड़ा के आश्रित ग्राम मडपा में स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला की हालत बेहद खराब है। स्कूल भवन की छत और दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिसके चलते बच्चों को वहां बैठाकर पढ़ाना खतरे से खाली नहीं है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। छत से पानी टपकता है और कभी भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि नए स्कूल भवन की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और शिक्षा विभाग को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
बच्चों की पढ़ाई बंद न हो, इसके लिए पिछले वर्ष ग्रामीणों और शिक्षकों ने मिलकर चंदा जुटाया और एक अस्थायी झोपड़ी का निर्माण कराया। वर्तमान में इसी झोपड़ी में बच्चों की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नए स्कूल भवन की स्वीकृति देने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण में शिक्षा मिलनी चाहिए।
सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन मडपा गांव की यह तस्वीर ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन बच्चों की समस्या का समाधान कब तक करता है।
Live Cricket Info







