कांकेर ब्रेकिंग :— भीषण गर्मी में जंगल छोड़ रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच रहे भालू, भोजन और पानी की तलाश में घरों तक दे रहे दस्तक,,,



कांकेर 25 मई 2026:— जिले में इन दिनों जंगली भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। गांवों के साथ अब शहर के रिहायशी इलाकों में भी भालू दिखाई देने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला कांकेर शहर के राम नगर इलाके से सामने आया, जहां देर रात एक मादा भालू घर के अंदर घुस गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि भालू ने किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया और कुछ देर बाद वापस चला गया।
जानकारी के अनुसार राम नगर स्थित एक मकान में रात करीब 10 बजे भालू घुसा। उस समय घर के लोग खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। घर में रहने वाले किरायेदार रोशन साहू छत पर टहल रहे थे, तभी उनकी नजर घर परिसर में घूम रहे भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही उन्होंने तुरंत नीचे रह रही मकान मालकिन को इसकी जानकारी दी।
बताया गया कि उस समय घर के निचले हिस्से में मकान मालकिन अकेली थीं। सूचना मिलते ही उन्होंने सावधानी बरतते हुए तुरंत घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं। भालू घर के मुख्य गेट को फांदकर अंदर घुसा था। घर के आंगन और आसपास कुछ देर तक घूमने के बाद उसने घर में रखे आम और अन्य फल खाए। इसके बाद वह बिना किसी नुकसान के वहां से निकल गया।
भालू की पूरी गतिविधि वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि भालू आराम से घर के अंदर घूम रहा है और फल खाने के बाद बाहर निकल जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांकेर जिले के कई इलाकों में आए दिन भालुओं की मौजूदगी देखी जा रही है। कई बार भालू आक्रामक भी हो जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। वन क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही गर्मी और भोजन-पानी की कमी के कारण जंगली जानवर अब आबादी वाले इलाकों की ओर आने लगे हैं।
लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि शहर और गांवों में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।
Live Cricket Info







