नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा: माजदा की टक्कर से चारामा के दो युवकों की मौत, नगर में पसरा मातम


कांकेर चारामा। कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रतेसरा के पास सोमवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चारामा नगर के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे नगर में शोक और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 18 मई की रात लगभग 11:30 बजे की है। चारामा निवासी इंद्र किरी (20 वर्ष) अपने मित्र मुजिम खान के साथ एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 05 AS 9200 से रतेसरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रतेसरा मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे माजदा वाहन क्रमांक CG 07 CJ 9146 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों को सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारामा पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान इंद्र किरी ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मुजिम खान को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां उन्होंने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक इंद्र किरी के परिजनों की शिकायत पर माजदा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।
इधर, लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने प्रशासन से नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Live Cricket Info







