CG — चारामा उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बीच निर्दलीय ने मारी एंट्री, वार्ड 13 में कांटे की टक्कर पढ़ें पूरी खबर,,


चारामा 18 मई 2026:— नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद पद उपचुनाव का बिगुल बज चुका है। सोमवार को विभिन्न दलों और प्रत्याशियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अपना-अपना नामांकन दाखिल किया। इसी बीच वार्ड की राजनीति में उस समय नया मोड़ आ गया, जब कांग्रेस के लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ता नारातक सिन्हा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
गौरतलब है कि नारातक सिन्हा पिछले करीब 10 वर्षों से कांग्रेस संगठन में बूथ अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। बावजूद इसके उन्होंने किसी राजनीतिक दल के बजाय निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है, जिससे वार्ड की सियासत गर्मा गई है।
नामांकन के बाद मीडिया से चर्चा में नारातक सिन्हा ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में वार्ड की सड़कें और नालियां पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और विकास कार्यों को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा, “इस बार वार्ड की जनता बदलाव चाहती है। न भाजपा और न कांग्रेस, इस बार जनता मुझे चुनकर लाएगी और एक ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी।” साथ ही उन्होंने वार्डवासियों से समर्थन और सहयोग की अपील भी की।
वहीं कांग्रेस ने इस उपचुनाव में मोहित नायक को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। मोहित नायक इससे पहले भी करीब 10 वर्षों तक पार्षद रह चुके हैं और वार्ड की राजनीति में सक्रिय चेहरा माने जाते हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार वार्ड में कांग्रेस का परचम लहराया जाएगा और जनता विकास के नाम पर कांग्रेस को समर्थन देगी।

नामांकन के दौरान क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी भी मौजूद रहीं। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा ने इस वार्ड में जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार जनता बदलाव के मूड में है और कांग्रेस वार्ड में जीत दर्ज करेगी।

इधर भाजपा ने भी इस बार वार्ड के लिए नया चेहरा सामने लाया है। पार्टी ने युवा प्रत्याशी अनूप सोनकर को मैदान में उतारा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पिछले चुनाव में भी वार्ड में भाजपा को जीत मिली थी और इस बार भी वार्ड क्रमांक 13 में “कमल खिलाने” का काम किया जाएगा।
533 मतदाता तय करेंगे वार्ड 13 का भविष्य
वार्ड क्रमांक 13 के नए आंकड़ों के अनुसार पहले यहां करीब 600 मतदाता थे, लेकिन संशोधित मतदाता सूची के बाद अब कुल 533 मतदाता रह गए हैं।
मतदाता आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार महिला मतदाता निर्णायक भूमिका में दिखाई दे रही हैं। वार्ड में कुल 280 महिला मतदाता और 253 पुरुष मतदाता हैं। ऐसे में चुनावी परिणाम तय करने में महिलाओं की भूमिका अहम मानी जा रही है।
जातीय समीकरण ने बढ़ाई चुनावी दिलचस्पी
वार्ड की सामाजिक संरचना भी इस चुनाव को रोचक बना रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वार्ड में साहू समाज के 65, सोनकर (माली) समाज के 55, यादव समाज के 50, आदिवासी समाज के लगभग 30, कौशिक समाज के लगभग 30 तथा अन्य मिश्रित समाज के करीब 100 मतदाता शामिल हैं।
इन्हीं सामाजिक समीकरणों के चलते वार्ड का चुनावी गणित फिलहाल पूरी तरह खुला हुआ नजर आ रहा है। राजनीतिक जानकार भी अभी जीत-हार को लेकर स्पष्ट अनुमान लगाने से बच रहे हैं।
1 जून को मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
नगर पंचायत चारामा वार्ड क्रमांक 13 का उपचुनाव 1 जून को संपन्न होगा, जबकि 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
वहीं, सभी दलों के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद अब वार्ड में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान तेज होने की संभावना है।
Live Cricket Info







