CG — भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विधानसभा घेराव, “मनरेगा बचाओ” सहित कई मुद्दों पर गरजी आवाज, कांकेर से दिखी बड़ी भागीदारी

कांकेर 17 मार्च 2026:- रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में कांकेर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में 100 से अधिक वाहनों में सवार होकर कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए।
यह कार्यक्रम विधानसभा घेराव के तहत आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा सरकार के खिलाफ विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
भाजपा सरकार में मनरेगा संशोधन, अफ़ीम के काले कारोबार, एलपीजी गैस संकट, धान खरीदी में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बिजली की दरों में लगातार वृद्धि, बढ़ते अपराध व अन्य सभी मुद्दों के विरुद्ध में विधानसभा का घेराव किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के ही कुछ नेताओं द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। रैली के दौरान “मनरेगा बचाओ” के नारे भी गूंजे और योजना को सुरक्षित रखने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति को लेकर जिला अध्यक्ष बसंत यादव ने सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपना समय निकालकर, अपनी ऊर्जा और समर्थन देकर इस आयोजन को सफल बनाया है।
साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ठाकुर राम कश्यप ने भी सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी ने अपने-अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और आम जनता परेशान है।
बसंत यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहभागिता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है, जो आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सभी के विश्वास और सहयोग के बिना इस तरह का सफल आयोजन संभव नहीं था। भविष्य में भी इसी तरह संगठन के साथ जुड़े रहने और उसे मजबूत करने का आह्वान किया गया।

Live Cricket Info






