कांकेर ब्रेकिंग: रंगपंचमी पर पाँच जंगली सूअरों का अवैध शिकार, 7 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर, 8 मार्च 2026: कांकेर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। ताजा मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए जंगली सूअरों का शिकार करने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नरहरपुर और कांकेर वन परिक्षेत्र में 5 जंगली सूअरों का शिकार किया था। फिलहाल वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कांकेर वन मंडल क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नरहरपुर और कांकेर वन परिक्षेत्र में कुल 5 जंगली सूअरों का शिकार किया था।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 4 जंगली सूअरों के अवशेष बरामद किए हैं, वहीं एक जंगली सूआर को जिंदा बरामद किया गया है। इसके साथ ही शिकार में उपयोग किए गए कुछ उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी जंगली सूआर को मारकर उसका मांस बेचने की फिराक में थे। आज रंगपंचमी होने के कारण वे मांस बेचने की तैयारी में थे। वहीं वन विभाग को पहले से ही मुखबिर से सूचना मिल चुकी थी, जिसके आधार पर टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए पहले से निगरानी कर रही थी।
एसीएफ नुसरत सबा, कांकेर ने बताया कि यह आज सुबह की घटना है। हम कल रात से ही मुखबिर की सूचना के आधार पर निगरानी कर रहे थे। वयसकोंगेरा में सूचना मिली कि जंगली सूअर ग्राम जुवानी से लाया जा रहा है। जब टीम मौके पर पहुंची तो दो बाइक में जंगली सूअर लादकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ करने पर आरोपियों ने दूसरे स्थान की जानकारी दी। आरोपियों के बताए स्थान पर पहुंचने पर दो कटे हुए सूअर मिले। इसके बाद दो और मृत सूअर बरामद हुए तथा सूअर काटने में उपयोग किए गए हथियार भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हालांकि बड़ा सवाल यह है कि वन विभाग की तत्परता के बावजूद पाँच जंगली सूअरों का शिकार हो गया, जिनमें चार को मार दिया गया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
Live Cricket Info






