CG :- ग्राम पंचायत कोरेकट्टा के सचिव को हटाने की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन, अनियमितताओं के लगाए गंभीर आरोप

कांकेर 11 मार्च 2026:- जिले के कोयलीबेडा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोरेकट्टा के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने सचिव पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें पद से हटाकर किसी अन्य सचिव की पदस्थापना करने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत कोरेकट्टा (संगम) में सचिव के पद पर कार्यरत अनुतोष मंडल लंबे समय से यहां पदस्थ हैं। एक ही पंचायत में लंबे समय से पदस्थ रहने के कारण उनके द्वारा सरकारी कार्यों में अनियमितताएं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव द्वारा अपने पति के नाम से जीएसटी बिल बनाकर मनमाने तरीके से सरकारी राशि का आहरण किया गया है। इसके अलावा पंचायत से जुड़े कई कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी भी पंचायत के लोगों को नहीं दी जाती, जिससे कई पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सचिव ग्राम पंचायत मुख्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते और कई बार बिना जानकारी के ही कामकाज किया जाता है। वहीं नव निर्वाचित पंचों से भी बिना पूरी जानकारी दिए रजिस्टर में हस्ताक्षर कराए जाने की बात ग्रामीणों ने कही है, जिससे पंचायत के कार्यों को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान ग्राम की उपसरपंच अनिमा मंडल भी मौजूद रहीं। उनका कहना है कि सचिव बहुत कम कार्यालय आते हैं और अपनी मनमानी करते हैं। कई बार ग्राम के पंचों से कोरे कागज में हस्ताक्षर करवाए जाते हैं। जब इस बारे में सवाल किया जाता है तो वे यह कहकर बात टाल देते हैं कि बहुत काम रहता है, बाद में घर जाकर लिख दूंगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि सचिव द्वारा ग्राम में होने वाले बोर खनन का कार्य किसी की निजी जमीन में करा दिया गया है और अभी तक ग्राम में कोई विशेष विकास कार्य नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सचिव को हटाकर किसी अन्य सचिव की पदस्थापना ग्राम पंचायत कोरेकट्टा के संगम में की जाए, ताकि पंचायत के कार्य पारदर्शिता और नियमों के अनुसार संचालित हो सकें।
Live Cricket Info






