CG — भाजपा का बड़ा नेता बताकर विद्या के मंदिर में चोरी, बच्चों के खाने के अनाज में डाला डाका, सरपंच सहित ग्रामीणों ने की पुलिस में शिकायत – पढ़े पूरी खबर

कांकेर/चारामा, 6 मार्च 2026:– कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सराधुनवागांव के शासकीय स्कूल में चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम के सरपंच एवं ग्रामीणों ने थाना चारामा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि 5 मार्च 2026 को शाम करीब 7 बजे ग्राम सराधुनवागांव निवासी घनश्याम भारद्वाज, पिता तुकाराम भारद्वाज द्वारा स्कूल में कार्यरत सफाई कर्मचारी तोष कुमार धनकर से स्कूल की चाबी जबरदस्ती मांगी गई। बताया जा रहा है कि उसने खुद को भाजपा का नेता बताते हुए डर-धमकाकर चाबी ले ली।
आरोप है कि इसके बाद वह कुछ ही देर में स्कूल के चावल सहित अन्य सामान को बोरी में भरकर ले जाने लगा। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी स्कूल के सामान की चोरी होने की बात सामने आई थी, जिसका संदेह भी उसी व्यक्ति पर जताया जा रहा है।
मामले को गंभीर बताते हुए ग्राम सरपंच कलिता गोटी सहित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी चारामा से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसे शासकीय संस्थान में चोरी की घटना से गांव में आक्रोश है और जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
इस मामले पर ग्राम सरपंच कलिता गोटी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि घनश्याम भारद्वाज ने स्कूल के चपरासी को डराकर स्कूल की चाबी मांगी और स्कूल के राशन को चोरी करने लगा। जब ग्रामीणों ने उसे देखा तो वह सामान वापस रखने लगा और वहां से भाग गया।
वहीं ग्राम के नागरिक दुर्गेश पाल ने बताया कि यह घटना शाम की है। ग्राम निवासी घनश्याम भारद्वाज अपने आप को भाजपा का नेता बताता है और स्कूल के सफाई कर्मचारी को डराकर स्कूल की चाबी लेकर राशन चोरी करने लगा। जब ग्रामीणों ने उसकी हरकत देखे तो वह वहां से भाग गया। इस मामले को लेकर गांव में बैठक भी रखी गई थी, लेकिन वह बैठक में उपस्थित नहीं हुआ। वहीं उसका सहयोगी सुमन निषाद बैठक में मौजूद था।
अब देखने वाली बात यह होगी कि उक्त व्यक्ति पर क्या कार्रवाई होती है। क्या वह वास्तव में भाजपा का नेता है या नहीं, यह भी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


Live Cricket Info






