CG — चारामा में ढाबे पर लोगों को बैठाकर शराब पिलाने का मामला, पुलिस ने की कार्रवाई,, ढाबा संचालक पप्पू खान गिरफ्तार

कांकेर, 6 मार्च 2026: कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ढाबे में अवैध रूप से लोगों को बैठाकर शराब पिलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च को चारामा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग पर निकले हुए थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चारामा स्थित पप्पू ढाबा में संचालक द्वारा लोगों को बैठाकर शराब पीने की सुविधा दी जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
इसके बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ पप्पू ढाबा पहुंची और वहां स्थिति की जांच की। पुलिस वाहन को आते देख वहां शराब पी रहे कुछ लोग मौके से भाग निकले। मौके पर मौजूद ढाबा संचालक से पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम पप्पू उर्फ इराबुद्दीन खान, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 8 चारामा बताया और यह भी स्वीकार किया कि वह अपने ढाबे में लोगों को बैठाकर शराब पीने की सुविधा देता है।
पुलिस ने जब उससे इस संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने ढाबे की तलाशी ली, जिसमें 3 बोतल रोमियो देशी प्लेन शराब बरामद हुई। इनमें से एक बोतल भरी हुई थी और दो बोतल खाली मिलीं। इसके अलावा मौके से 5 डिस्पोजल गिलास भी मिले, जिनसे शराब की गंध आ रही थी।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में बरामद शराब और अन्य सामग्री को जब्त कर सील कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सूत्रों के हवाले से यह भी खबर सामने आ रही है कि नेशनल हाइवे किनारे और भी कई ऐसे ढाबे हैं, जहां रात के समय लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जाती है। इन जगहों पर अवैध गतिविधियों में शामिल लोग ही अक्सर शराब पीते नजर आते हैं।
अब देखना यह होगा कि इस कार्रवाई के बाद अन्य ढाबा संचालक इस तरह की गतिविधियों से बाज आते हैं या नहीं।
Live Cricket Info






