*CG – 2 जवान लापता : एक के बाद एक जवानों के लापता होने से मचा हड़कंप,पहले छुट्टी से घर लौट रहे ITBP का जवान हुआ लापता, अब इंडियन आर्मी का जवान रहस्यमय तरीके से गायब,परिवार वाले चिंतित…*

कांकेर /चारामा 21 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रहने वाले जवानों का एक के बाद लापता होने का मामला सामने आया है,इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है, वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है, बताया जा रहा है कि पहले आईटीबीपी और अब इंडियन आर्मी का जवान रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है, जानकारी के मुताबिक चारामा क्षेत्र के ग्राम चीनोरी निवासी आर्मी जवान तोषण कुमार दर्रो उम्र 35 वर्ष के संदिग्ध रूप से लापता होने का मामला सामने आया है। जवान वर्ष 2012 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में उसकी ड्यूटी झांसी में लगी हुई थी। अचानक संपर्क टूट जाने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
परिजनों के अनुसार तोषण कुमार 9 अक्टूबर को छुट्टी पर अपने घर चारामा आया था। उसे 19 अक्टूबर को नई पोस्टिंग पर झांसी में ज्वाइन करना था, लेकिन वह समय पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर सका। परिवार ने बताया कि उसके जरूरी कागजात बैंगलोर भेजे गए थे। इसके बाद 6 फरवरी को वह दोपहर करीब 1 बजे घर से झांसी जाने के लिए निकला। परिजन उसे चारामा बस स्टैंड तक छोड़ने गए थे।
परिवार के अनुसार उसी दिन शाम लगभग 7 बजे तोषण ने फोन पर बताया कि वह रात 9 बजे तक अपनी यूनिट पहुंच जाएगा। लेकिन 11 फरवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे उसकी परिजनों से आखिरी बार बात हुई। उस समय उसने बताया कि रेलवे स्टेशन पर उसकी तबीयत खराब हो गई थी और वह बेहोश हो गया था। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजनों ने जब यूनिट में संपर्क किया तो वहां से जानकारी मिली कि जवान अभी तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचा है। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। जवान के भाई ने बताया कि तोषण 2012 से सेना में सेवा दे रहा है। कुछ दिन पहले घर आया था, लेकिन वह मानसिक रूप से थोड़ा परेशान लग रहा था। जिस दिन वह ड्यूटी के लिए निकला, उस दिन भी उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। अब तक यूनिट में उसके पहुंचने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
जवान की मां देवबत्ती दर्रो का रो-रोकर बुरा हाल है। वह हर दिन अपने बेटे के इंतजार में बैठी रहती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा, “मेरे बच्चे को जल्दी से ढूंढ कर लाओ।” परिवार की हालत बेहद दयनीय है,जवान के पिता बृजलाल दर्रो ने बताया कि उन्होंने चारामा थाने में शिकायत दर्ज करा दी है और लगातार अपने स्तर पर भी खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
तोषण कुमार दर्रो का छोटा बच्चा भी है। उसके लापता होने के बाद से पत्नी भी बेहद चिंतित और परेशान है। पूरा परिवार अनिश्चितता और चिंता के माहौल में जी रहा है,बताते चले कि इसके पहले एक और आईटीबीपी का जवान के लापता होने की खबर सामने आया था जिसके बाद यह दूसरी खबर निकलकर सामने आ रही है,अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन और पुलिस की मदद से जवान का कोई सुराग कब तक मिल पाता है। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द जवान की तलाश कर सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की है।
Live Cricket Info









