CG— आधी रात तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक दो घरों को रौंदता हुआ पलटा, बाल-बाल बचे परिवार,,

कांकेर/चारामा, 14 फरवरी 2026:- चारामा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गिरहोला में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आधी रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दो मकानों को तोड़ता हुआ पलट गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक तेज गति से गांव के अंदर से गुजर रहा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे दो कच्चे-पक्के मकानों में जा घुसा। हादसे के समय दोनों घरों के सदस्य अंदर सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज और जोरदार झटके से परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले तो देखा कि ट्रक उनके घरों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर चुका है।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दोनों मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है और दीवारें व छत का हिस्सा टूट गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रक में लोहे के भारी भरकम सामान लदे हुए थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल सुबह मौके पर पहुंचा और क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Live Cricket Info









