CG — नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौके पर मौत, लगा लंबा जाम

कांकेर 22 जनवरी 2026। जिले के चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतेसरा के पास नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार की सुबह करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रहे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे ट्रक सवार कुल तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग और चारामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस द्वारा जेसीबी एवं अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि यातायात सामान्य हो सके।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पूर्व भी एक युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो चुकी है, जिससे इस क्षेत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान व आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Live Cricket Info









