CG— उजियारा अभियान में कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो थानों से 223.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार


कांकेर, 17 जुलाई 2026:— उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 223.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पहली कार्रवाई थाना कूड़ेकुर्से क्षेत्र के ग्राम सुरुगदोह में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक खेत में छिपाकर रखी गई 213 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से टुकेश्वर कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 15 पेटी गोवा व्हिस्की, 25 खुली गोवा व्हिस्की, 6 पेटी बीयर और 3 बीयर कैन जब्त किए गए। जब्त शराब की कीमत करीब 1.08 लाख रुपये बताई गई है। जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से भी जुआ और आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज होना सामने आया।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना लोहत्तर क्षेत्र के ग्राम दंडईखेड़ा में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराना दुकान में अवैध शराब बेची जा रही है। दबिश देकर पुलिस ने मंगतू राम टेकाम को गिरफ्तार किया। दुकान से 10.2 लीटर अंग्रेजी शराब, 15 बीयर और शराब बिक्री के 280 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त शराब की कीमत 4,125 रुपये आंकी गई है।
कांकेर पुलिस ने कहा कि जिले में चल रहे उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।
Live Cricket Info







