CG — नेशनल हाइवे-30 पर फिर दर्दनाक हादसा, कार-बाइक की टक्कर में अधेड़ की मौत, स्ट्रीट लाइट न होना बना हादसे की वजह,,,

कांकेर 19 जनवरी 2026:- पुलिस की तमाम यातायात सुरक्षा और जागरूकता अभियानों के बावजूद कांकेर जिले में तेज रफ्तार और सड़क हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। जिले से एक बार फिर दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा स्थित नेशनल हाइवे-30 पर हुआ। कांकेर से चारामा की ओर जा रही एक कार और ग्राम रतेसरा से नेशनल हाइवे पर पहुंच रही बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चारामा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत चारामा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरुण यादव, निवासी ग्राम बाबू दबेना के रूप में हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह गांव का मुख्य चौक है और नेशनल हाइवे से लगा हुआ है, लेकिन वहां स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आज उसी स्थान पर एक और बड़ी दुर्घटना हो गई है। अब देखना यह है कि प्रशासन यहां स्ट्रीट लाइट लगवाता है या फिर किसी और बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।
Live Cricket Info









