आदिवासी नेता जीवन ठाकुर के बाद पुत्र नीरज ठाकुर की मौत से उबाल, कांग्रेस ने NH-30 चारामा किया जाम


चारामा 12 जनवरी 2025। कांकेर जिले में आदिवासी नेता जीवन ठाकुर के बाद उनके पुत्र नीरज ठाकुर की मौत से समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस और आदिवासी संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए चारामा से होकर गुजरने वाली नेशनल हाइवे-30 को जाम कर दिया है। हाइवे जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित है।
ज्ञात हो कि वन अधिकार पट्टा से जुड़े एक मामले में आदिवासी नेता जीवन ठाकुर, उनके पुत्र नीरज ठाकुर सहित अन्य लोगों के खिलाफ चारामा थाना में अपराध दर्ज किया गया था, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसी दौरान रायपुर के जेल में रहते इलाज के दौरान जीवन ठाकुर की मौत हो गई थी, जिससे पहले ही क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ था।
जेल से रिहा होने के करीब 30 दिन बाद नीरज ठाकुर की भी स्वास्थ्य खराब होने के चलते मौत हो गई। पिता-पुत्र की लगातार हुई मौतों को लेकर आदिवासी समाज में गहरा रोष है। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आदिवासी संगठनों ने जेल प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर समुचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण दोनों की जान गई।
कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने हाइवे जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा शुरू की और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए।









