CG..ब्रेकिंग : पुलिस को चकमा देकर भाग निकला गांजा तस्करी का आरोपी,मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल परिसर से हो गया फरार,मचा हड़कंप…!!


धमतरी,11 जून 2026। जिले में गांजा तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार हो जाने की घटना ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाए गए आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली,जिसके बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है और उसकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है,जानकारी के अनुसार,महाराष्ट्र के नागपुर निवासी आरोपी को बुधवार को सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा बैरियर के पास गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे हिरासत में लिया था।
गुरुवार को न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत आरोपी को मेडिकल मुलाहिजा के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस की निगरानी से खुद को छुड़ा लिया और अस्पताल परिसर से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया,आरोपी के फरार होने की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस की विशेष टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर आरोपी किन परिस्थितियों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए भागने में सफल हुआ। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है,इस घटना ने पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Live Cricket Info







