चार सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ का पुनः चरणबद्ध आंदोलन, 12 से 14 जनवरी तक सांकेतिक कामबंद

चारामा। छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी में कार्यरत समस्त विद्युत संविदा कर्मचारियों की ज्वलंत मांगों को लेकर एक बार फिर चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद किया है। संघ की प्रमुख मांगों में नियमितिकरण सहित चार सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
संघ और पॉवर कंपनी प्रबंधन के मध्य पूर्व में बनी सहमति के आधार पर 18 अक्टूबर 2025 को चरणबद्ध आंदोलन को सशर्त स्थगित किया गया था। हालांकि, अब तक छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी प्रबंधन की ओर से न तो किसी प्रकार के क्रियान्वयन की जानकारी दी गई है और न ही कोई आदेश जारी किया गया है। इससे आहत और निराश होकर संघ ने सशर्त स्थगित आंदोलन को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
संघ द्वारा आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 12 से 14 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय सांकेतिक कामबंद आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
संघ के सदस्यों ने बताया कि वे सभी छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी में कार्यरत संविदा कर्मचारी हैं और संघ के सदस्य होने के नाते इस आंदोलन का पूर्ण समर्थन करेंगे। इस दौरान 12 से 14 जनवरी तक समस्त संविदा कर्मचारी तीन दिनों के लिए अवकाश पर रहकर आंदोलन में सहभागिता करेंगे।









