Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG – मृत समझकर कर दिया अंतिम संस्कार, अचानक जिंदा मिला बेटा,,अब शव की पहचान बनी पुलिस के लिए पहेली

धमतरी 16 अगस्त 2026:— परिवार जिस युवक को मृत समझकर अंतिम विदाई दे चुका था, वही युवक अचानक जिंदा मिल गया। घटना सामने आने के बाद परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, लेकिन अब इस पूरे मामले ने पुलिस के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर जिस शव का अंतिम संस्कार मोतीलाल विश्वकर्मा के नाम से किया गया था, वह शव आखिर किसका था?

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

दरअसल, बलौदाबाजार जिले के ग्राम सुकली बरेली निवासी 28 वर्षीय मोतीलाल विश्वकर्मा कुछ समय से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान 28 जुलाई को सेमरा नाला के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ। शव की पहचान परिजनों ने मोतीलाल के रूप में की। इसके बाद परिवार ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।

परिजनों को लगा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। लेकिन कुछ दिनों बाद धमतरी में जो हुआ, उसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया।

पेट्रोल पंप के पास बदहाल हालत में मिला मोतीलाल

धमतरी के संबलपुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक बदहाल स्थिति में मिला। उसकी हालत देखकर समाजसेवी शिवा प्रधान और समिति के सदस्यों ने उसकी मदद की और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में युवक की पहचान की प्रक्रिया शुरू हुई। उसके पास मौजूद वोटर आईडी से उसकी पहचान 28 वर्षीय मोतीलाल विश्वकर्मा के रूप में हुई। पहचान सामने आते ही समिति के सदस्यों ने उसके परिवार से संपर्क किया और उन्हें बताया कि जिस मोतीलाल को वे मृत समझ चुके हैं, वह जिंदा है।

आधी रात घर पहुंचा बेटा तो छलक पड़े खुशी के आंसू

मोतीलाल के जिंदा होने की खबर सुनते ही परिवार के लोग अवाक रह गए। कुछ समय पहले जिस बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, उसी के जिंदा होने की खबर परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं थी।

इसके बाद मोतीलाल को आधी रात उसके घर पहुंचाया गया। लंबे समय बाद बेटे को सामने देखकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। घर में मातम की जगह खुशियां लौट आईं।

अब रहस्य बना 28 जुलाई को मिला शव

मोतीलाल के जिंदा मिलने के बाद अब पूरा मामला उलझ गया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 28 जुलाई को सेमरा नाला के पास मिला शव आखिर किस व्यक्ति का था?

परिजनों ने उस शव की पहचान मोतीलाल के रूप में की थी और उसके बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। ऐसे में अब शव की पहचान को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या पहचान में गलती हुई थी? क्या किसी अन्य व्यक्ति के शव को मोतीलाल समझ लिया गया? या फिर इस मामले के पीछे कोई दूसरी वजह है?

पुलिस जांच के बाद खुलेगा पूरा राज

मोतीलाल के सकुशल मिलने के बाद अब पुलिस के सामने उस शव की वास्तविक पहचान करना अहम चुनौती है। पुलिस को यह पता लगाना होगा कि सेमरा नाला के पास मिला शव किसका था और आखिर उसकी पहचान मोतीलाल के रूप में किस आधार पर हुई।

फिलहाल एक ओर परिवार को अपना बेटा वापस मिलने की खुशी है, तो दूसरी ओर पुलिस के सामने अज्ञात शव की पहचान का मामला पहेली बना हुआ है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर जिस व्यक्ति को मोतीलाल समझकर अंतिम संस्कार किया गया था, वह वास्तव में कौन था।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.