CG : 4 की मौत .. बेकाबू कार नदी में गिरी, 4 लोगों की गई जान, 2 की हालत गम्भीर, शादी कार्यक्रम में जाने के दौरान हुआ भीषण हादसा..!!


कवर्धा,4 मई 2026।छत्तीसगढ़ के कबीरधाम ज़िले (कवर्धा) से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है,बताया जा रहा है कि पंडरिया क्षेत्र के अंतर्गत पांडातराई थाना इलाके में गड़ई के पास फोक नदी के पुल पर यह भीषण दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में कुल 6 लोग सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने पंडरिया की ओर जा रहे थे।
हादसा इतना भयानक था कि कार के नदी में गिरते ही उसमें सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री रायपुर के बीरगांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों तक पहुंची, वहां मातम पसर गया,फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
Live Cricket Info







