CG — जिले में वन्य जीवो की घटनाएं तेज,कुसुमपानी में कुएं में गिरा भालू का शावक, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू


नरहरपुर 9 अगस्त 2026 ( रिपोर्टर मनीराम सिन्हा):— कांकेर जिले में भालुओं की बढ़ती सक्रियता के बीच अब नरहरपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम कुसुमपानी में भालू का शावक कुएं में गिर गया। हाल ही में मरकाटोला में भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत के बाद क्षेत्र में पहले से ही भालुओं को लेकर दहशत का माहौल है।
रविवार को कुसुमपानी में एक भालू का शावक कुएं में गिर गया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ रेस्क्यू शुरू किया।
बताया जा रहा है कि शावक के आसपास जंगल में नर और मादा भालू भी मौजूद थे। ऐसे में वनकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शावक को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
शावक के रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली, लेकिन क्षेत्र में भालुओं की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। कुसुमपानी और आसपास के जंगलों में भालुओं की आवाजाही देखी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने, रात के समय विशेष सावधानी बरतने और भालू दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की है।
Live Cricket Info







