CG — धर्मांतरण पर विवाद जारी:- अवैध धर्मांतरण रोकने ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन,,

कांकेर 13 जनवरी 2026:- जिले में कथित अवैध धर्मांतरण की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच ग्राम किरगापाटी से एक और मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में अवैध रूप से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कांकेर कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि ईसाई समुदाय के कुछ लोगों द्वारा ग्राम सभा की अनुमति के बिना बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर नियमित रूप से धार्मिक सभाएं आयोजित की जा रही हैं। आरोप है कि मसीह समाज के कुछ लोग गांव में निवास करते हुए ग्राम के पारंपरिक नियमों और सामाजिक व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया है।
ग्रामीण महिला सावित्री कुरेटी ने बताया कि मसीह समाज के कुछ लोग ग्राम के नियमों का पालन नहीं करते और न ही ग्राम के किसी सामूहिक कार्यों में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि गांव के लोग चाहते हैं कि सभी मिल-जुलकर रहें, लेकिन कुछ लोगों के असहयोग के कारण गांव में विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है।
वहीं ग्राम निवासी योगेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि गांव में कथित तौर पर प्रलोभन देकर भोले-भाले ग्रामीणों का धर्मांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी कारण ग्रामीणों ने आज थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम किरगापाटी के ग्रामीणों द्वारा कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक विशेष समुदाय द्वारा ग्राम सभा की अनुमति के बिना धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Live Cricket Info









