CG — नेशनल हाइवे जल भराव के बाद प्रशासन हरकत में, रात में जेसीबी से निकाला गया पानी,,कल विधायक और व्यापारी संघ कर सकते है प्रदर्शन,,


चारामा 29 जुलाई 2026:— चारामा नेशनल हाईवे-30 पर लगातार हो रहे जलभराव को लेकर आखिरकार स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। बुधवार देर रात जेसीबी की मदद से बंद पड़ी नाली को खोला गया और सड़क पर जमा बारिश के पानी की निकासी कराई गई। पानी निकलने के बाद फिलहाल हाईवे पर आवागमन सामान्य हो गया है, लेकिन लोगों का कहना है कि यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
गौरतलब है कि मंगलवार को रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद चारामा में नेशनल हाईवे-30 पूरी तरह जलमग्न हो गया था। सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाइवे चौड़ीकरण के बाद से हर बारिश में हाईवे पर जलभराव की समस्या सामने आती रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इसी समस्या को लेकर कांग्रेस पार्टी, क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी और व्यापारी संघ ने गुरुवार को अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम की घोषणा की है। प्रदर्शन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की गई है। इसमें कांग्रेस के ब्लॉक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और व्यापारी संघ के सदस्यों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
लगातार मीडिया में खबर और लोगों के आक्रोस के बाद बुधवार रात स्थानीय प्रशासन ने आनन-फानन में जेसीबी मशीन लगाकर बंद नाली को खुलवाया और पानी की निकासी शुरू कराई। प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क पर जमा पानी तो निकल गया, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद इसी तरह अस्थायी व्यवस्था की जाती है। यदि मूल कारण का समाधान नहीं किया गया तो अगली बारिश में फिर यही स्थिति बन जाएगी।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जिस स्थान से पानी की निकासी के लिए नाली खोदी जा रही है, वह जमीन किसी निजी व्यक्ति की बताई जा रही है। वहीं, सूत्रों के अनुसार उस स्थान पर कथित कब्जे के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे हर बारिश में हाईवे पर जलभराव की समस्या पैदा होती है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पानी की निकासी कर दी गई है, लेकिन लोगों में नाराजगी अब भी बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्हें अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।
Live Cricket Info







