CG — गोंडी संस्कृति कार्यक्रम में आदिवासी समाज के दो लोगों ने की मूल धर्म में वापसी, समाज ने किया स्वागत

कांकेर 18 जनवरी 2026:- जिले के चारामा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पलेवा में एक आदिवासी परिवार के पति-पत्नी ने अपने मूल धर्म में वापसी की है। यह वापसी गांव में आयोजित गोंडी संस्कृति, सामाजिक रीति-नीति और विचार गोष्ठी कार्यक्रम के दौरान कराई गई।
ग्राम निवासी अमित कुमार धुर्वा और उनकी पत्नी ने समाज और ग्रामीणों की मौजूदगी में परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ अपने मूल धर्म को फिर से अपनाया। अमित कुमार धुर्वा ने बताया कि करीब 25 वर्ष पहले बीमारी के कारण उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन वे अपनी पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों से जुड़ाव नहीं बना पाए। इसी वजह से उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का फैसला किया।
ग्राम सरपंच घनश्याम जुर्री ने बताया कि समाज द्वारा एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान पहले धर्मांतरित हो चुके आदिवासी दंपति ने समाज के सामने अपने मूल धर्म में वापसी की, जिसका पूरे समाज ने स्वागत किया।
समाज प्रमुख रोहित नेताम ने कहा कि समाज की संस्कृति को बचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गोंडी संस्कृति एक प्राकृतिक संस्कृति है, जो धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है। इसे बचाने के लिए समाज लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने मूल धर्म में लौटे लोगों का स्वागत किया।
वहीं, मूल धर्म में वापसी करने वाले अमित कुमार धुर्वा ने बताया कि वे पहले काफी समय से बीमार थे और कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद वे प्रार्थना सभा से जुड़े, लेकिन अब उन्होंने अपने समाज और संस्कृति से जुड़ते हुए मूल धर्म में वापसी की है, जिसे समाज के लोगों ने स्वीकार करते हुए स्वागत किया।
Live Cricket Info









