CG — गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर कांकेर में निकली शोभायात्रा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


कांकेर 28 जुलाई 2026:— गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को कांकेर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में गौ भक्त, साधु-संत, कथा वाचक, गौ सेवक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। सभी ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आयोजकों ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान के तहत कांकेर जिले से लगभग 1 लाख 5 हजार लोगों के हस्ताक्षर जुटाए गए। इन हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन शासन को भेजा गया है। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के साथ ही गौ संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी कई मांगें रखी गई हैं।
शोभायात्रा की शुरुआत शहर के पुराने कम्युनिटी हॉल से हुई। रैली में शामिल लोग हाथों में बैनर और झंडे लेकर “गौ माता का सम्मान, राष्ट्र का सम्मान” और “गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करो” जैसे नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान भक्ति गीतों और जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। आयोजकों ने बताया कि इसी तरह का कार्यक्रम देशभर के जिलों में भी आयोजित किया गया है, ताकि सरकार का ध्यान गौ संरक्षण से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित किया जा सके।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए गौ सेवकों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान रैली शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुई।
Live Cricket Info







