CG — विश्व आदिवासी दिवस की तैयारी तेज, अंतागढ़ में जिला स्तरीय बैठक,एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य,जिले के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा
बिजली,पानी, स्वास्थ्य,शिक्षा, सड़क,पुल पुलिया, डीएमएफ मद, सीएसआर मद, आश्रम छात्रावास और आदिवासी अधिकारों पर विशेष चर्चा की गई


कांकेर/अंतागढ़ 26 जुलाई 2026:— आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक अंतागढ़ के गोंडवाना समाज भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से समाज के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जिले के ज्वलंत मुद्दों जैसे पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, अधोसंरचना, डीएमएफ फंड, सीएसआर मद की राशि, पेसा कानून और आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष कन्हैया उसेंडी ने कहा कि इस बार कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा और लगभग एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक संख्या में समाज के लोग एकजुट होंगे, उतनी ही मजबूती से समाज की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचेगी। उन्होंने सभी से अपील की कि ब्लॉक स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम करने के बजाय जिला स्तरीय आयोजन में शामिल हों।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिल्ली के प्रोफेसर लक्ष्मण यादव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों सहित विभिन्न विषयों पर एक घंटे से अधिक समय तक अपना संबोधन देंगे। समाज ने तय किया कि ऐसे ही विद्वानों को मंच पर आमंत्रित किया जाएगा जो आदिवासी समाज के मुद्दों की गहरी समझ रखते हों।
सर्व आदिवासी समाज अंतागढ़ के ब्लॉक अध्यक्ष संत राम सलाम ने कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए एक अलग समिति बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी ब्लॉकों के युवा कार्यक्रम से पहले पहुंचकर आयोजन में सहयोग करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि मंच से दिए जाने वाले विचार हर व्यक्ति तक स्पष्ट रूप से पहुंचें, इसलिए केवल पारंपरिक आदिवासी वाद्ययंत्रों का उपयोग किया जाएगा।
समाज के संरक्षक विजय ठाकुर ने कहा कि समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने रावघाट खदान, जिले में हो रहे खनन, पेसा कानून के प्रभावी पालन, जल संकट, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क, अधोसंरचना, डीएमएफ फंड और सीएसआर मद की राशि के पारदर्शी उपयोग जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
बैठक में पेसा कानून, ग्राम सभा के अधिकार, भूमि संबंधी विषय, रावघाट खदान से मिलने वाले लाभ, डीएमएफ फंड, सीएसआर मद की राशि तथा आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर भी चर्चा हुई। समाज के सदस्यों ने कहा कि खनन का बड़ा हिस्सा कांकेर जिले में होने के बावजूद स्थानीय लोगों को विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित करने की मांग की।
बैठक में आदिवासी छात्रावासों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। हाल के दिनों में बीमारी और मलेरिया से बच्चों की हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए समाज ने छात्रावासों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, नियमित चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
महिला प्रभाग की शकुंतला दीवान ने बताया कि इस बार महिला प्रभाग की बड़ी भागीदारी रहेगी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ अतिथियों का स्वागत करेंगी।
बैठक के अंत में समाज के सलाहकार अश्वनी कांगे ने कहा कि समाज से जुड़े अधिकारों और विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी लोगों की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस के सफल आयोजन और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए बैठक का समापन किया।
इस बैठक में कन्हैया उसेंडी सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष कांकेर, संत राम सलाम ब्लाक अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज अंतागढ़,जीवन सलाम अध्यक्ष कर्मचारी प्रकोष्ठ बस्तर संभाग,अश्वनी कांगे, ठाकुर राम कश्यप वरिष्ठ आदिवासी नेता व जनपद उपाध्यक्ष चारामा, विजय ठाकुर संरक्षक,सुमेर सिंह नाग,संभागाध्यक्ष गोंडवाना समाज बस्तर संभाग,राजेश भास्कर जिलाध्यक्ष गोंडवाना समाज कांकेर,संतलाल दुग्गा अध्यक्ष गोंडवाना समाज अंतागढ़,उमेंद्र कोरेटी जिलाध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग कांकेर,राजेश गोटा जिलासचिव सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग कांकेर ,बीरसिंह उसेंडी उपाध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज कांकेर,बद्री नाथ गावड़े संरक्षक गोंडवाना समाज अंतागढ़,विश्राम गावड़े संरक्षक सर्व आदिवासी समाज अंतागढ़ ,धनीराम ध्रुव उपाध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज कांकेर,अनूप नाग,रैन सिंग कांगे, सुभद्रा सलाम, चन्द्रहास नेताम, जय प्रकाश गावड़े सरपंच संघ अध्यक्ष चारामा, राजेश गोटा, ब्रिज लाल मंडावी,प्रफुल्ल मंडावी, विनोद शोरी, साथ ही कर्मचारी प्रभाग,युवा प्रभाग,महिला प्रभाग उपस्थित रहे।
Live Cricket Info







