Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG — जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियां तेज, सर्व आदिवासी समाज की ब्लॉक चारामा में हुई अहम बैठक,सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैली और ज्वलंत मुद्दों पर हुई चर्चा, लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

चारामा/कांकेर, 18 जुलाई 2026 :— विश्व आदिवासी दिवस को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने की तैयारियां जिलेभर में तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में आगामी 9 अगस्त को अंतागढ़ में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस को लेकर चारामा में सर्व आदिवासी समाज के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ समाज की एकता, संस्कृति के संरक्षण और आदिवासी समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज की गौरवशाली पहचान और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

बैठक में बताया गया कि आदिवासी समाज की पहचान जल, जंगल और जमीन से जुड़ी जीवनशैली, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकगीत और रीति-रिवाज हैं। इन्हें संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में समाज से जुड़े ज्वलंत एवं स्थानीय मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र में गौण खनिजों के लगातार हो रहे दोहन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और गौण खनिजों पर पहला अधिकार स्थानीय मूल निवासियों का होना चाहिए। साथ ही अवैध उत्खनन पर रोक लगाने, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और छात्रावास जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को भी विश्व आदिवासी दिवस के मंच से प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संविधान की पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून, त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था एवं ग्राम सभाओं के अधिकारों पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही रावघाट परियोजना की सीएसआर (CSR) और खनन क्षेत्रों की डीएमएफ (DMF) मद की राशि का स्थानीय शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली एवं छात्रावास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास में पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार संपन्न बनाकर स्थानीय संसाधनों के संरक्षण और विकास कार्यों में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

वरिष्ठ आदिवासी नेता ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं के साथ-साथ अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा से जोड़ना, जल-जंगल-जमीन की रक्षा करना तथा समाज के अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

विजय ठाकुर, गोंडवाना समाज समन्वय समिति के संरक्षक ने कहा कि क्षेत्र में आदिवासी समाज से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने गौण खनिजों के दोहन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। साथ ही शिक्षा, रोजगार और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।

अश्वनी कांगे, सामाजिक सलाहकार ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के युवाओं की भागीदारी के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रावास, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

9 अगस्त को अंतागढ़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य, जागरूकता रैली, सांस्कृतिक झांकियां, सम्मान समारोह सहित कई आयोजन होंगे। युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और इतिहास से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारी के लिए स्वागत, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। साथ ही जिले के सभी गांवों और पंचायतों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के आने-जाने के लिए वाहन व्यवस्था भी की जाएगी।

आज की बैठक में सर्व आदिवासी समाज के तत्वाधान में हुआ जिसमें सर्व आदिवासी समाज ब्लाक अध्यक्ष चारामा गौतम कुंजाम,जिला कांकेर सचिव महेंद्र गावड़े, हीरा सिंह कोला कार्यकारी अध्यक्ष, श्रवण दर्रो मांझी,विजय ठाकुर संरक्षक, कमल कोमरा, ठाकुर राम कश्यप जनपद पंचायत उपाध्यक्ष चारामा एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता, रवि लाल नायक हल्बा समाज संरक्षक, नम्मू नेताम ध्रुव गोड़ समाज, श्याम सिंह तारम हल्बा समाज, हरे सिंह नेताम मुड़ाक्षेत्र खरता मुड़ादार,देव प्रसाद जुर्री मुड़ाक्षेत्र हाराडुला,बिनु सिंह कांगे गोंडवाना मुड़ाक्षेत्र परसोदा, जय प्रकाश गावड़े, ब्लाक सरपंच संघ उपाध्यक्ष, हरिश्चंद्र कांगे, शासकीय कर्मचारी प्रकोष्ठ ब्लाक चारामा,अशवन कुंजाम, गोड़वाना युवा प्रभाग अध्यक्ष,देवेंद्र दर्रो युवा प्रभाग सचिव, धनसिंह कोड़ोपी,सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे

 

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.